प्रेमचंद को प्रेमचंद ही रहने दें मुंशी प्रेमचंद ना बनाएं : डॉ. सम्राट् सुधा

 

रुड़की, हिन्दी के कथा सम्राट् प्रेमचंद की 144 वीं जयंती 31 जुलाई, 2025 को बीत चुकी। वे मुंशी प्रेमचंद थे या प्रेमचंद , यह प्रश्न विवादित है।
इस संदर्भ में हिन्दी साहित्यकार और प्रोफेसर डॉ. सम्राट् सुधा ने एक भेंट में बताया कि यह सुस्पष्ट है कि प्रेमचंद का सही नाम प्रेमचंद ही लिखा तथा बोला जाना चाहिए, मुंशी प्रेमचंद नहीं ! डॉ. सम्राट् सुधा ने कहा कि अनेक लोग, जिनमें साहित्य की प्रामाणिकता को लेकर गंभीरता का अभाव है, बिना किसी झिझक के प्रेमचंद के स्थान पर उनका नाम मुंशी प्रेमचंद बोलते तथा लिखते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रेमचन्द ने कभी अपने नाम के साथ कभी भी मुंशी नहीं लिखा था । वर्ष 1930 में पत्रिका ‘हंस’ आरंभ हुई , तो के. एम. मुंशी उसमें प्रेमचंद के सह- संपादक बने । वे उम्र में प्रेमचंद से बड़े थे, सो उनका नाम मुख पृष्ठ पर प्रेमचंद से पूर्व आया और दोनों के परिचयात्मक नाम यूँ छपे- ‘मुंशी-प्रेमचंद।’ बाद में ज़ब्ती की रोचक कथाएँ और प्रचलित हो गया प्रेमचंद जी का ग़लत नाम ‘मुंशी प्रेमचंद !’ इस बात का कोई प्रमाण नहीं मिलता कि अपनी मृत्यु , 8 अक्टूबर,1936, से पूर्व स्वयं प्रेमचंद के समक्ष किसी के द्वारा उनका नाम मुंशी प्रेमचंद के रूप में आया कि नहीं,परंतु ‘प्रेमचंद’ और ‘मुंशी प्रेमचंद’ इन दो नामों में से किसी एक की साहित्यिक ग्राह्यता को लेकर कतिपय प्रमाण हैं !
डॉ. सम्राट् सुधा ने बताया कि आचार्य रामचंद्र शुक्ल के ‘हिन्दी साहित्य का इतिहास’ को एक प्रामाणिक पुस्तक माना गया है, इस पुस्तक में उन्होंने प्रेमचंद का उल्लेख प्रेमचंद नाम से ही किया है, मुंशी प्रेमचंद नहीं। यह पुस्तक प्रेमचंद के देहावसान से सात वर्ष पूर्व वर्ष 1929 में प्रकाशित हुई। प्रेमचंद पर सबसे गहन आलोचनात्मक पुस्तक है–’प्रेमचंद और उनका युग,’ इसके लेखक हैं हिन्दी के प्रख्यात आलोचक डॉ. रामविलास शर्मा। इस पुस्तक में भी प्रेमचंद , प्रेमचंद ही हैं, मुंशी प्रेमचंद नहीं ! वर्ष 1970 में वैज्ञानिक तथा तकनीकी शब्दावली आयोग, शिक्षा एवं सेवा मंत्रालय, भारत सरकार , नयी दिल्ली ने एक ग्रन्थ प्रकाशित किया –भारतीय साहित्य रत्नमाला,’ इसमें प्रेमचंद , प्रेमचंद ही हैं, मुंशी प्रेमचंद नहीं ! वर्ष 1976 में केन्द्रीय हिन्दी निदेशालय, शिक्षा एवं समाज कल्याण मंत्रालय , भारत सरकार , नयी दिल्ली ने एक पुस्तक प्रकाशित की–’भारतीय कहानी।’ इस पुस्तक में प्रेमचंद , प्रेमचंद ही हैं, मुंशी प्रेमचंद नहीं ! प्रेमचंद पर भारतीय डाक विभाग ने 31 जुलाई, 1980 को उनकी जन्म शताब्दी के अवसर पर 30 पैसे का एक डाक टिकट जारी किया था, इसमें भी उनका नाम प्रेमचंद लिखा गया, मुंशी प्रेमचंद नहीं !
डॉ. सम्राट् सुधा ने कहा कि आज अधिकांश लोगों का ज्ञान स्रोत गूगल है। गूगल में प्रेमचंद पर डाक टिकट की जानकारी इन शब्दों में मिलती है –”जी हाँ, मुंशी प्रेमचंद पर डाक टिकट जारी हुआ है। भारतीय डाक विभाग ने 31 जुलाई, 1980 को उनकी जन्मशती के अवसर पर 30 पैसे का एक डाक टिकट जारी किया था।” इसी के साथ गूगल इमेज में डाक टिकट का चित्र है, जिसमें उनकी नाम प्रेमचंद लिखा गया, मुंशी प्रेमचंद नहीं ! इससे गूगल की लापरवाही और उसका अप्रामाणिक होना सिद्ध होता है।
उन्होंने कहा कि हिन्दी साहित्य को प्रमाणिकता से प्रस्तुत करने का दायित्व हिन्दी साहित्यकारों पर है। हमें अपने पूर्ववर्ती महान् साहित्यकारों के सही नाम को लेकर सचेत और सक्रिय रहना है। साहित्य आनन्द का हेतु है , कृपया इसे मनचाहे उच्चारण और प्रयोग का माध्यम ना बनाएं ! प्रेमचंद को प्रेमचंद ही रखें, मुंशी प्रेमचंद नहीं!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

News

स्वाभिमान साहित्यिक मंच का 41वां राष्ट्रीय कवि दरबार: शब्दों का जादू और आज़ाद ग़ज़लों की गूंज

  पटियाला। स्वाभिमान साहित्यिक मंच पटियाला द्वारा आयोजित 41वें राष्ट्रीय कवि दरबार ने साहित्य प्रेमियों को शब्दों के अद्भुत संसार में डुबो दिया। नरेश कुमार आष्टा की अध्यक्षता और संयोजकत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का सफल संचालन जागृति गौड़ पटियाला ने किया, जबकि सिद्धेश्वर जी पटना ने कार्यक्रम की गरिमामयी अध्यक्षता की। भारत के विभिन्न […]

Read More
News

इक्कीसवीं सदी के हिंदी साहित्येतिहास में नामकरण की प्रासंगिकता पर आभासी संगोष्ठी संपन्न

  समावेशी साहित्य संस्थान के तत्वावधान में रविवार, 25 जनवरी 2026 को एक ऑनलाइन (आभासी) संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। संगोष्ठी का मुख्य विषय “हिंदी के साहित्येतिहास में इक्कीसवीं सदी: नामकरण की प्रासंगिकता” रहा, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से विद्वानों और शोधार्थियों ने सहभागिता की। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता के बतौर डॉ० गंगा […]

Read More
News

पत्रकार प्रफुल्लचंद्र ठाकुर हुए सम्मानित

नाथद्वारा (राजस्थान)।लेखक, समीक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रफुल्लचन्द्र ठाकुर को साहित्य वाचस्पति भगवतीप्रसाद देवपुरा स्मृति सम्मान और मानद उपाधि साहित्य सुधाकर प्रदान किया गया। देशं की प्रसिद्ध संस्था साहित्य मण्डल, नाथद्वारा ( राजस्थान ) के तत्त्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय(5-7जनवरी) भगवतीप्रसाद देवपुरा स्मृति एवं राष्ट्रीय बाल साहित्य समारोह में श्री ठाकुर को शाल,माला, उत्तरीय,श्रीफल,मेवाड़ी पगड़ी, श्रीनाथ […]

Read More